देहरादून। Uttarakhand में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही आने वाले दिनों में ठंड से आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना अधिक बताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार चार फरवरी तक प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इसके बाद पांच फरवरी से मौसम शुष्क होने के संकेत हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और ठंड से राहत महसूस की जाएगी।
उधर, शुक्रवार को राज्य के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह अन्य जिलों में भी दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा, लेकिन अगले सप्ताह से ठंड का असर कम होने लगेगा।



