उत्तराखंड पर्यटन में ऐतिहासिक उछाल: पहली बार सालाना पर्यटक संख्या छह करोड़ के पार

देवभूमि उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र ने एक नया इतिहास रच दिया है। राज्य गठन के बाद पहली बार प्रदेश में सालाना पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की संख्या छह करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। शांत प्राकृतिक वातावरण, चारधामों के प्रति गहरी आस्था और राज्य सरकार की सुदृढ़ पर्यटन नीति के चलते उत्तराखंड देश-विदेश के यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में कुल छह करोड़ तीन लाख 21 हजार 194 पर्यटक व तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। इनमें एक लाख 92 हजार 533 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। यह उपलब्धि न केवल पर्यटन क्षेत्र के लिए बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो Haridwar में सबसे अधिक तीन करोड़ 42 लाख 49 हजार 380 पर्यटक व तीर्थयात्री पहुंचे। वहीं Dehradun में 67 लाख 35 हजार 71 और Tehri जनपद में 53 लाख 29 हजार 759 सैलानियों ने भ्रमण किया। चारधाम यात्रा, धार्मिक मेलों, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन गतिविधियों ने इस रिकॉर्ड को संभव बनाया है।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा मिली है। सरकार द्वारा पर्यटन और तीर्थस्थलों पर सड़क, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध भी किए गए हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

पर्यटन गतिविधियों को मिला व्यापक बढ़ावा

पिछले वर्षों के आंकड़े भी पर्यटन में निरंतर वृद्धि की कहानी कहते हैं। वर्ष 2021 में जहां 2,00,18,115, वर्ष 2022 में 5,39,81,338, वर्ष 2023 में 5,96,36,601 और वर्ष 2024 में 5,95,50,277 पर्यटक व तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या छह करोड़ के पार चली गई।

पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार का फोकस पूरे वर्ष पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर है, ताकि स्थानीय लोगों और युवाओं को सालभर रोजगार के अवसर मिल सकें। शीतकालीन यात्रा इसी रणनीति का अहम हिस्सा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के मुखबा आगमन के बाद शीतकालीन यात्रा को विशेष बढ़ावा मिला है, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उत्तराखंड में बढ़ती पर्यटक संख्या इस बात का प्रमाण है कि सरकार की नीतियां और प्रयास सही दिशा में हैं और आने वाले वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में और भी नए रिकॉर्ड स्थापित होंगे।

Previous articleHaridwar: शारदीय कांवड़ मेला शुरू, 5 से 15 फरवरी तक हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, रूट डायवर्जन लागू
Next articleउत्तराखंड: दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून आएंगे आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, जन एवं पूर्व सैनिक गोष्ठियों को करेंगे संबोधित