देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। राज्य के कई प्रमुख नेता आज कांग्रेस पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। तीन पूर्व विधायकों समेत कुल छह नेता नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कार्यालय में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल और भीमलाल आर्य के साथ अन्य नेता भी कांग्रेस में शामिल होंगे। इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से राज्य की राजनीति में नई हलचल मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में रुद्रपुर से टिकट न मिलने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भाजपा से नाराज चल रहे थे। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने पहले ही भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब वह औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होकर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे।
वहीं सितारगंज से पूर्व विधायक रहे नारायण पाल भी कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। नारायण पाल इससे पहले बहुजन समाज पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हुए थे, लेकिन 2022 में टिकट न मिलने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। अब एक बार फिर वह कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं।
टिहरी जिले के घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके अलावा वर्ष 2019 में नगर निगम रुड़की के निर्दलीय मेयर चुने गए गौरव गोयल भी कांग्रेस में शामिल होंगे। गौरव गोयल मेयर बनने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
इनके अलावा भीमताल से लाखन नेगी और मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता भी कांग्रेस में शामिल होंगे।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इन सभी नेताओं को नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी शामिल होंगे। वह सदस्यता कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।



