Uttarakhand Earthquake: बागेश्वर में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.7 तीव्रता दर्ज

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह 11 बजकर 47 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के कर्मी गांव के पास जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

भूकंप के झटके हल्के होने के कारण जिले में कहीं भी जनजीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। अधिकांश लोगों को इन झटकों का अहसास भी नहीं हुआ। जिले में किसी भी स्थान पर अफरा-तफरी या दहशत का माहौल देखने को नहीं मिला और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही।

भूकंप की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में आ गया। जिला मुख्यालय के साथ ही गरुड़, कपकोट और कांडा क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी गई। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों और सभी तहसील मुख्यालयों से संपर्क कर हालात की जानकारी ली गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप के झटके बेहद हल्के थे। प्रशासन ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों से संपर्क साध लिया है और फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान, भवनों में दरार या किसी अन्य प्रकार की क्षति की कोई सूचना नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, हालांकि फिलहाल जिले में हालात पूरी तरह सामान्य हैं।

Previous articleदेहरादून: सहस्त्रधारा में दर्दनाक हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत, एसडीआरएफ ने किया शव बरामद
Next articleHaridwar News: गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, गाजियाबाद के दो दोस्त तेज बहाव में बहे, डेढ़ घंटे बाद मिले शव