चमोली। आगामी दिनों में जनपद चमोली में प्रस्तावित विधानसभा सत्र, औली विंटर कार्निवाल और महाशिवरात्रि पर्व जैसे बड़े आयोजनों को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इन सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जिलास्तरीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसपी ने महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिर परिसरों में लगने वाले मेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, भीड़ नियंत्रण, निगरानी और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
औली में प्रस्तावित विंटर कार्निवाल को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसपी ने औली में सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औली रोड पर विभिन्न स्थानों पर जमी बर्फ के कारण यातायात में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर समय रहते सड़कों को सुचारु रखने पर जोर दिया गया।
इसी माह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों की भी गहन समीक्षा की गई। बैठक में बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल के आवास, संचार व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा थाना प्रभारियों को विभागीय प्रारंभिक जांचों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने बैंक व वाहन चेकिंग अभियान को नियमित रखने, सभी कार्यक्रमों व आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।



