उत्तराखंड बजट सत्र: सदन में सरकार, सड़क पर विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन; आज उक्रांद तो कल कांग्रेस करेगी घेराव

भराड़ीसैंण (चमोली)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सोमवार से बजट सत्र की शुरुआत होने जा रही है। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आरंभ होने वाले इस सत्र में जहां सरकार अपने एजेंडे और आगामी योजनाओं को लेकर सदन में सक्रिय दिखाई देगी, वहीं विपक्ष सड़क पर उतरकर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है।

करीब सात महीने बाद धामी सरकार ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण पहुंच रही है। माना जा रहा है कि यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार विकास और लोककल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित बजट पेश कर सकती है।

पहले दिन उक्रांद का प्रदर्शन

सत्र के पहले दिन उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) अपनी ताकत दिखाने के लिए विधानसभा घेराव का ऐलान कर चुका है। उक्रांद के कार्यकर्ता राज्य की स्थायी राजधानी, पलायन, बेरोजगारी और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दल के प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं के भराड़ीसैंण पहुंचने की संभावना है, जिससे सत्र के पहले ही दिन राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं।

10 मार्च को कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस 10 मार्च को अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा में अनियमितताओं और प्रदेश के अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार इन मामलों में जवाब देने से बच रही है, इसलिए जनता के मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

इस तरह साफ है कि बजट सत्र के दौरान जहां विधानसभा के भीतर बहस और सवालों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश होगी, वहीं सड़क पर भी विपक्ष का आंदोलन तेज रहने वाला है।

विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

बजट सत्र को देखते हुए भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी पुलिसकर्मियों को संबोधित कर सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें

  • 4 अपर पुलिस अधीक्षक

  • 10 पुलिस उपाधीक्षक

  • 44 प्रभारी निरीक्षक/थाना प्रभारी

  • 90 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक

  • 32 महिला उपनिरीक्षक

  • 434 मुख्य आरक्षी/आरक्षी

  • 60 महिला आरक्षी

  • 38 यातायात पुलिसकर्मी

  • 207 सशस्त्र पुलिस जवान

  • 120 होमगार्ड

के अलावा पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस और हॉक टीम को भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि इस बार का बजट सत्र कई अहम मुद्दों और विपक्ष के तीखे तेवरों के कारण काफी हंगामेदार रह सकता है।

Previous articleउत्तराखंड बजट सत्र: गैरसैंण पहुंची सरकार, 9 मार्च से शुरू होगा सत्र; 600 से अधिक सवालों से गरमाएगा सदन
Next articleउत्तराखंड बजट 2026: चुनावी साल में धामी सरकार का खास बजट आज, महिलाओं-युवाओं और किसानों पर रहेगा फोकस