उत्तराखंड बजट सत्र: गैरसैंण पहुंची सरकार, 9 मार्च से शुरू होगा सत्र; 600 से अधिक सवालों से गरमाएगा सदन

गैरसैंण में बजट सत्र की तैयारियां पूरी, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत

देहरादून/गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में शुरू होने जा रहा है। सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बजट सत्र के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और अधिकारी रविवार को गैरसैंण पहुंच गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण समेत मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और विधायक दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुंचे। विधानसभा परिसर में सत्र को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। सत्र के दौरान सरकार की नीतियों और योजनाओं पर चर्चा होने के साथ ही कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश किए जा सकते हैं।

आज ही भराड़ीसैंण में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बजट सत्र के संचालन के लिए एजेंडा और कार्यसूची तय की जाएगी।

600 से अधिक सवालों से गरमाएगा सदन

इस बार बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने कुल मिलाकर 600 से अधिक सवाल लगाए हैं, जिन पर सदन में चर्चा होने की संभावना है। इन सवालों के जरिए विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार भी अपने कार्यों और योजनाओं का पक्ष रखेगी।

इसके अलावा सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई विधेयक, अध्यादेश और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी।

10 मार्च को पेश हो सकता है बजट

जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार 10 मार्च को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर सकती है। बजट में विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई अहम प्रावधान होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

Previous articleगैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू होगा बजट सत्र, 13 साल में 11वीं बार पहाड़ चढ़ेगी सरकार
Next articleउत्तराखंड बजट सत्र: सदन में सरकार, सड़क पर विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन; आज उक्रांद तो कल कांग्रेस करेगी घेराव