उत्तराखंड बजट सत्र 2026: ध्वनिमत से 1.11 लाख करोड़ का बजट पारित, गैरसैंण में पांचवें दिन आधी रात तक चली कार्यवाही

उत्तराखंड बजट सत्र 2026: ध्वनिमत से 1.11 लाख करोड़ का बजट पारित, गैरसैंण में पांचवें दिन आधी रात तक चली कार्यवाही

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश बजट पर लंबी चर्चा के बाद इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। गैरसैंण स्थित विधानसभा में देर रात करीब 12:30 बजे तक चली कार्यवाही के बाद सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बजट को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। सत्ता पक्ष ने बजट को विकसित उत्तराखंड 2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सभी वर्गों के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वहीं विपक्ष ने बजट की आलोचना करते हुए इसे निराशाजनक बताया और कहा कि इसमें आम जनता के लिए ठोस राहत या नई योजनाएं नजर नहीं आतीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा सत्र के पहले दिन सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट सदन में प्रस्तुत किया था। यह पहली बार था जब मुख्यमंत्री धामी ने वित्त मंत्री के रूप में स्वयं बजट पेश किया। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बजट के आकार में 10.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सरकार का कहना है कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। बजट में ज्ञान, संतुलन और समावेशी विकास को प्राथमिकता देने का दावा किया गया है, ताकि प्रदेश के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

सरकार के अनुमान के अनुसार नए वित्तीय वर्ष में राज्य को कुल 1,11,703.21 करोड़ रुपये की प्राप्तियां होने की संभावना है। इसमें 67,525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियों से और 42,617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियों से मिलने का अनुमान लगाया गया है। सरकार ने इस बजट को कर-मुक्त रखते हुए राजस्व घाटा शून्य रहने का दावा किया है, जबकि राजकोषीय घाटा 12,579.70 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

बजट पारित होने के साथ ही गैरसैंण में आयोजित विधानसभा का यह बजट सत्र समाप्त हो गया और सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

Previous articleदेहरादून गुंजन हत्याकांड: कोर्ट ने चार्जशीट पर लिया संज्ञान, 19 मार्च को तय होंगे आरोप
Next articleअल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी के कैशियर की मौके पर मौत