देहरादून: आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड में भाजपा ने महिला मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। पार्टी ने ‘कीर्तन-नवरात्र प्लान’ के तहत महिलाओं से सीधे जुड़ने का अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत महिला मोर्चा मंडल स्तर तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाएगा।
भाजपा संगठन ने इस पूरी योजना को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी है। पार्टी का मानना है कि धार्मिक और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से कीर्तन मंडली, नवरात्र और हरियाली तीज जैसे पर्वों के दौरान विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंडल स्तर तक होंगे कार्यक्रम
पार्टी के अनुसार, प्रदेश के सभी मंडलों में महिला मोर्चा की ओर से कीर्तन मंडलियों में सक्रिय भागीदारी होगी। इन कार्यक्रमों में महिलाएं कीर्तन और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लेंगी, वहीं पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा करेंगे।
इसके अलावा नवरात्र के नौ दिनों के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। हरियाली तीज जैसे पारंपरिक त्योहारों को भी भाजपा महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं के साथ मिलकर मनाएगी। इन आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं के बीच संवाद बढ़ाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
महिला मतदाताओं पर भाजपा की खास नजर
आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या काफी बड़ी है। जनवरी के आंकड़ों के मुताबिक उत्तराखंड में कुल 84,29,459 मतदाताओं में से 40,64,488 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं ने भाजपा को रिकॉर्ड जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी को देखते हुए पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं के साथ अपने संबंध और मजबूत करना चाहती है।
बजट में भी महिलाओं पर विशेष फोकस
राज्य सरकार ने अपने हालिया बजट में भी महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रस्तुत बजट में जेंडर बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष में जेंडर बजट में 2,423 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 16,961.32 करोड़ रुपये किया गया था। इस वर्ष इसमें 2,730 करोड़ रुपये और बढ़ाकर कुल प्रावधान 19,692.02 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि इस बजट में महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके विकास, पोषण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महिला मोर्चा को त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों की विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर तक महिला पदाधिकारी इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करेंगी ताकि सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच सके।



