देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी मुख्यालय पहुंचकर पूर्व सैनिकों ने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामा और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों और मजबूत नेतृत्व से प्रभावित हैं। राष्ट्र सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और कार्यपद्धति की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद सभी पूर्व सैनिकों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई गई। नवांगतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए नेताओं ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को आत्मसात करने वाली पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम’ के सिद्धांत पर कार्य करती है।
प्रदेश महामंत्रियों ने कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना सैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होती है। इन मूल्यों को सैनिकों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता। ऐसे में पूर्व सैनिकों का संगठन से जुड़ना भाजपा को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सैनिकों की प्रतिबद्धता और अनुभव के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को समय से पहले प्राप्त करने में पार्टी सफल होगी।
भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख पूर्व सैनिकों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, मदन सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी और भगत सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में अन्य पूर्व सैनिक शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व ने सभी का अभिनंदन करते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



