देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकासोन्मुखी और समावेशी बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला है तथा इससे सभी वर्गों के लिए नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बजट के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े तबकों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट का उद्देश्य आर्थिक विकास को गति देना, जन-आकांक्षाओं को पूरा करना और “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को मजबूती प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ये प्रावधान न केवल देश के लिए बल्कि उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना प्रस्तावित की गई है। इससे पर्वतीय राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उत्तराखंड के संदर्भ में बजट ने पर्यटन और अवसंरचना विकास पर विशेष फोकस किया है, जो राज्य के दीर्घकालिक विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाने के साथ-साथ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।



