देहरादून: सहस्त्रधारा में दर्दनाक हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत, एसडीआरएफ ने किया शव बरामद

देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक युवक की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को खाई से बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि थाना राजपुर क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। दुर्गम और खतरनाक इलाके में जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गहरी खाई और कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने काफी देर तक अभियान चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवान खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंचने में सफल रहे और उसे बाहर निकाला। हालांकि जब तक टीम वहां पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ टीम ने शव को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सहस्त्रधारा क्षेत्र में कई स्थान ऐसे हैं जहां सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रशासन से यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठ रही है।

Previous articleहरिद्वार में पत्नी ने नाबालिग बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या, शराब में नींद की गोली मिलाकर तकिये से दबाया मुंह
Next articleUttarakhand Earthquake: बागेश्वर में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.7 तीव्रता दर्ज