कोटद्वार- मंगलवार को स्थानीय मॉडल मांटेसरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा, प्रोटोकाल एवं सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, लैंसडौन विधायक महंत दलीप रावत, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आंचल दूध के अलावा सभी दूध नकली हैं। बच्चों को यदि आप बाहर का दूध पिलाते हैं, तो उसकी जांच करके पिलाये। इसके लिए सरकार ने लक्ष्य रखा है कि एक लाख लोगों को दूध की जांच करने वाली मशीने नि:शुल्क दी जायेंगी। जिससे आप सभी कंपनियों के दूध की जांच कर सकते हैं। जो दूध बाहर का आ रहा है, वो बहोत ज्यादा मात्रा में मिलावटी है। इसको पीने से लोग बीमार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि आंचल एक ऐसा दूध है, जो पहाड़ी क्षेत्रों से रोज एकत्रित किया जाता है और लोगों के घरों पर पहुंचाया भी जाता है। आंचल के अलावा बाजार में बिक रहे अलग अलग कंपनी के दूध पूर्ण रूप से नकली है। यह दूध गुजरात से आता है, और गुजरात से पहुंचने तक यह दूध 5 दिन पुराना हो जाता है। राज्यमंत्री डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश में प्रत्येक दिन 27 लाख लीटर दूध की बिक्री होती है और 2 लाख लीटर दूध की बिक्री आंचल दूध की होती है। इसकी बिक्री को बढ़ाने के लिए बेहतर प्रयास किये जायेंगे। यदि कोई महिला या पुरूष गाय पालेगी तो गाय का गौ मूत्र, दूध और गोबर सरकार खरीदेगी। जिसकी धनराशि भी मौके पर विभाग द्वारा उपलब्ध करा दी जायेगी। यह कार्य करने वाली महिलाएं एक लाख रूपये प्रति माह कमा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पूरे दुग्ध विभाग को उत्तराखण्ड में ऑनलाइन कर दिया है।
इस मौके पर दुग्ध विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से दूध, द्यी, दही, मठ्ठे की शुद्धता की जानकारियां जनता को दी।
नकली दूध की बिक्री पर कब लगेगी रोक
मंत्री धन सिंह रावत के अनुसार आँचल के अलावा अन्य कंपनियों का दूध नकली है तो आपके द्वारा उनकी बिक्री पर रोक क्यो नही लगाई गई। आपने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दूध की सेम्पलिंग करने के आदेश क्यो नही दिया। कुछ लोगों का तो ये तक मानना है वे कार्यक्रम में केवल आँचल दूध के ब्रेंड एम्बेसडर के रूप में यहां पहुचे थे।
कार्यक्रम में दुग्ध आयोग की उपाध्यक्ष सतेश्वरी कैंथोला, कार्यक्रम अध्यक्ष हरेंद्र पाल सिंह नेगी, लैंसडौन विधानसभा दलीप रावत महंत, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेश खरक्वाल, ममता देवरानी, सुनील गोयल, उमेश त्रिपाठी, कैलाश थलेड़ी, मानपुर ग्राम प्रधान किरन काला, आरजा भट्ट, अनीता आर्य आदि मौजूद थे।