जल्द ही रुद्रप्रयाग में भी चलेंगे ई-रिक्शा, सफल ट्रायल के बाद अब परिवहन प्राधिकरण की स्वीकृति की देरी

रुद्रप्रयाग। रूद्रप्रयाग की जनता को जल्द ही सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर जाने के लिए ई-रिक्शा की सुविधा मिलने वाली है। ये सुविधा प्रदूषण मुक्त होगी साथ ही सस्ती भी होगी।

इसके लिये सारी तैयारियां हो गई हैं। ई-रिक्शा का ट्रायल भी सफल हो गया है। बस राज्य परिवहन प्राधिकरण से स्वीकृति मिलने की देरी है।
वर्तमान में कलेक्ट्रेट, विकास भवन और तहसील जाने के लिए आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब जल्द ही इन दिक्कतों से रुद्रप्रयाग वासियो को मुक्ति मिलने वाली है। ये रिक्शा बिजली से चार्ज होंगे और बैट्री से चलेंगे। इससे जहां पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। वहीं जनता को कम किराया देकर विकास भवन, कलेक्ट्रेट और तहसील जाने के लिये वाहनों की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इन ई- रिक्शा के लिए बेलनी पुल को स्टैंड बनाया गया है जहाँ ये खड़े होंगे। जो बारी बारी से कलेक्ट्रेट, विकास भवन और तहसील का चक्कर काटेंगे। फिलहाल ये रिक्शे यहीं के लिये संचालित होंगे, क्योंकि यही जाने के लिये जनता को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे पहले रुद्रप्रयाग में परिवहन निगम की दो बसों का संचालन विकास भवन, कलेक्ट्रेट और तहसील के लिये किया जाता था, लेकिन बसों के अचानक गायब होने से जनता की दिक्कतें बढ़ गई। जनता की दिक्कतों के साथ ही पर्यावरण को देखते हुये ई-रिक्शा संचालित करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि ई-रिक्शा चलने से जनता की दिक्कतें दूर होंगी। उन्होंने कहा कि इसका सफल ट्रायल हो गया है। कोसिश की जा रही है कि जल्द ही आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

Previous articleहरिद्वार के होटल में प्रेमी जोड़ों से पैसे ऐंठने वाले दो सिपाही निलंबित
Next articleरामरहीम(गुरमीत सिंह) को दस साल की सजा, कोर्ट में हाथ जोड़ रोने लगा आरोपी