रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में निर्माणाधीन ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग जिले में बन रही सुरंग के अंदर अचानक मिट्टी धंसने की घटना सामने आई है। सुरंग के भीतर अचानक मलबा और पानी आने से वहां काम कर रहे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरंग के भीतर करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर अचानक मिट्टी धंस गई। इसी दौरान ऊपर मौजूद पानी के स्रोत से पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा सुरंग के अंदर आ गया, जिससे टनल का एक हिस्सा बंद हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परियोजना से जुड़े अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के लिहाज से सुरंग के अंदर चल रहे काम को फिलहाल रोक दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर मिट्टी धंसी है, उसके ठीक ऊपर पानी का प्राकृतिक स्रोत मौजूद है। इसी वजह से पानी के साथ मलबा सुरंग के अंदर आ गया और रास्ता अवरुद्ध हो गया। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम द्वारा पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच की जा रही है और अगले दो दिनों के भीतर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।
गौरतलब है कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है, जिसके तहत पहाड़ी क्षेत्रों में कई सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं निर्माण कार्य के दौरान चुनौती पैदा कर सकती हैं, हालांकि फिलहाल किसी के हताहत न होने से बड़ी दुर्घटना टल गई है।



