रुद्रप्रयाग: जनपद के सुमाड़ी क्षेत्र में महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 6 मार्च की शाम करीब 7:33 बजे जखोली चौकी प्रभारी को सुमाड़ी निवासी योगेन्द्र सिंह ने फोन के माध्यम से एक मकान में शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पता चला कि करीब एक माह से नेपाल निवासी दीपक बहादुर अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ किराये के मकान में रह रहा था। कुछ दिनों से मकान के आसपास तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। जब मकान मालिक और अन्य लोग कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। कमरे के भीतर कंबल के नीचे महिला और उसके बेटे के शव पड़े थे, जबकि आरोपी दीपक बहादुर मौके से फरार था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तकनीकी जांच और सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 मार्च की शाम दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर निवासी जिला दैलेख (नेपाल) को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक बहादुर पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। वहीं मृतका कमला शाही भी विवाहित थी और उसके दो बच्चे हैं। वर्ष 2025 में दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पहले वे उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में रह रहे थे और करीब एक माह पहले ही रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी क्षेत्र में आकर रहने लगे थे।
छोटी-छोटी बातों पर होता था विवाद
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दीपक बहादुर और कमला शाही के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। होली की शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पहले कमला शाही और फिर उसके नौ वर्षीय बेटे रोशन का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कंबल से ढक दिया और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



