आरटीआई ने खोली केजरीवाल के मंत्रियों की यात्रा की पोल

नई दिल्ली- दिल्ली सरकार यानी आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्रियों द्वारा की गई विदेश यात्राओं की पूरी जानकारी सार्वजनिक हो चुकी है। इस बात का खुलासा सूचना का अधिकार (RTI) से हुआ है कि अरविंद केजरीवाल के खास मंत्रियों ने जैसे कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने विदेश यात्राओं की झड़ी लगाई हुई है।

संजीव जैन नाम के एक आरटीआइ एक्टिविस्ट ने 29 दिसंबर, 2016 को दिल्ली सरकार से सूचना का अधिकार के जरिये दिल्ली सरकार के मंत्रियों द्वारा की गई विदेश यात्राओं की जानकारी मांगी थी। जिसका जवाब 1 मार्च, 2017 को उन्हें मिला। इस आरटीआइ से पता चला है कि दोनों मंत्रियों ने जमकर विदेश यात्राएं कीं, जिन पर भारी मात्रा में सरकारी धन खर्च हुआ है।
उन्हें मिले जवाब के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 3 अन्य मंत्रियों सत्येंद्र जैन, गोपाल राय और इमरान हुसैन के अलावा आशीष खेतान ने 12 विदेश यात्राएं की हैं। जिसमे हैरानी की बात है कि इन विदेश यात्राओं में कोई डेलिगेशन साथ नहीं गया था।

आरटीआइ के जवाब के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सत्ता संभालने के बाद सिर्फ एक बार विदेश यात्रा पर रोम गए, जहां मदर टेरेसा को संत का दर्जा दिया जा रहा था। वहीं, सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया ने जमकर विदेशी यात्राएं कीं और अब उन्हीं यात्राओं पर सवाल उठ रहे हैं।

यहा की गई यात्राएं
मनीष सिसोदिया अप्रैल 2015 में एथेंस और अगस्त 2015 में ब्राजील गए थे। इसके बाद सितंबर 2015 में आस्ट्रेलिया, मार्च 2016 में लंदन, फिर मई में बर्लिन और सितंबर में फिनलैंड होकर आए। उस दौरान दिल्ली में डेंगू-चिकनगुनिया का कहर जोरों पर था। इसी के साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सितंबर 2015 में मैनचेस्टर गए, अक्टूबर 2015 में स्वीडन की सैर की, मार्च 2016 में मलेशिया के दौरे पर थे और सितंबर 2016 में केजरीवाल के साथ रोम भी गए। इसी साल की शुरुआत यानी जनवरी में थाइलैंड की यात्रा भी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव जैन ने कपिल मिश्रा को दिल्ली के मंत्रियों के विदेश दौरे से जुड़ी और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि विदेश दौरे को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं के कई राज सबके सामने आ सकते हैं।
आरटीआई ने खोली केजरीवाल के मंत्रियों की यात्रा की पोल

Previous articleइस तरह करे पेन नंबर को आधार से लिंक
Next articleएसबीआई खाताधारकों के लिए बड़ी खबर