Roorkee: स्कूल के पास युवक पर जानलेवा हमला, बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी

रुड़की में स्कूल के पास एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को बेल्ट और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार यह घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास की है। सुभाषनगर निवासी राघव गोस्वामी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह स्कूल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।

राघव के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बाइक से गिरा दिया और बेल्ट तथा लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान युवक को गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित ने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए वह पास के एक घर में घुस गया और शोर मचाया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर युवक को धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

पीड़ित राघव गोस्वामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक आरोपी को पहचानता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleउत्तराखंड में अपराधियों के खिलाफ चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’, कानून व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी
Next articleऋषिकेश में उड़ीसा जेल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस को लंबे समय से दे रहा था चकमा