ऋषिकेश में उड़ीसा जेल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस को लंबे समय से दे रहा था चकमा

ऋषिकेश: उड़ीसा की कटक जिला कारागार से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को ऋषिकेश पुलिस ने उड़ीसा और टिहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और उसकी तलाश कई राज्यों में की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा साहनी (34) निवासी बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। वह 2 अक्तूबर 2025 को उड़ीसा के कटक स्थित जिला कारागार से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दो हत्याओं के मामले में जेल में बंद था। उसके फरार होने के बाद उड़ीसा पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था और लगातार उसकी तलाश में दबिश दी जा रही थी।

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उड़ीसा पुलिस की टीम ने ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में ट्रेस हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट अपनी टीम के छह पुलिसकर्मियों और उड़ीसा पुलिस के साथ त्रिवेणी घाट पहुंचे। यहां से सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और उसका पीछा किया गया।

करीब ढाई बजे ढालवाला रोड स्थित सुमन पार्क के पास एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। कार में एक महिला समेत चार लोग सवार थे। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति को उड़ीसा पुलिस ने तुरंत पहचान लिया, जो कि फरार आरोपी राजा साहनी था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार में सवार अन्य तीन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

दशहरा के दौरान जेल से फरार हुए थे दो कैदी
पुलिस के मुताबिक पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती और फायरिंग के मामले में राजा साहनी और उसके एक साथी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों आरोपी कटक की जिला कारागार में बंद थे।

2 अक्तूबर 2025 को जब जेल कर्मचारी और कैदी दशहरा का उत्सव मना रहे थे, उसी दौरान दोनों आरोपियों ने मौका पाकर जेल से फरार होने की योजना को अंजाम दिया। उन्होंने कैदियों की कोठरियों की लोहे की छड़ें काट दीं और दीवार पर चढ़ने के लिए कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे।

जेल से फरार होने के बाद से राजा साहनी लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था, लेकिन आखिरकार ऋषिकेश में संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Previous articleRoorkee: स्कूल के पास युवक पर जानलेवा हमला, बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
Next articleदेहरादून: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में किया बंद, पुलिस जांच में जुटी