Rishikesh News: शिवपुरी नमामि गंगे घाट पर गंगा में डूबा राजस्थान का युवक, एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर शुक्रवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान राजस्थान का एक युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में गंगा नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार राजस्थान निवासी वेद प्रकाश (24) पुत्र गिरिराज, निवासी चचियावास, अलवर अपने चार अन्य साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक राजस्थान की एक फैक्ट्री में कार्यरत बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को सभी युवक शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान वेद प्रकाश अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया।

बताया जा रहा है कि युवक को डूबता देख उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा के तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में पानी में ओझल हो गया। घटना की सूचना तुरंत थाना मुनिकीरेती पुलिस को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गंगा नदी के भीतर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और आपदा राहत बल की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान में सहयोग कर रही हैं।

पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं एसडीआरएफ ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन अवश्य करें।

Previous articleUttarakhand SIR: मतदाता सत्यापन से पहले तैयार रखें ये 12 जरूरी दस्तावेज, चुनाव आयोग ने जारी की सूची
Next articleहरिद्वार में नम आंखों के बीच प्रतीक यादव की अस्थियां विसर्जित, बेटी ने गंगा में बहाया ‘आई लव यू पापा’ लिखा कार्ड