ऋषिकेश।
रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को हर हाल में दिसंबर 2028 से पहले पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन आरवीएनएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना अनिवार्य होगा।
दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे प्रबंध निदेशक ने पहले दिन आरवीएनएल परिसर में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की अब तक की प्रगति, निर्माण से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों, सुरंगों के निर्माण में अपनाई जा रही तकनीकों और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की रणनीति पर गहन चर्चा की गई।
सलीम अहमद ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में आरवीएनएल द्वारा संचालित सुरंग परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन हो।
बैठक के दौरान यह प्रस्ताव भी रखा गया कि रेलवे सुरंगों के साथ-साथ रोड सुरंगों के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए। इससे सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले वाहनों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी, साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
आरवीएनएल अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि परियोजना से जुड़ी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शी कार्यप्रणाली और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नवाचार अपनाने पर भी जोर दिया।



