ऋषिकेश में आईजी अनंत शंकर की सरकारी कार दुर्घटनाग्रस्त, सामने से आई कार की टक्कर, चालक को आई नींद की झपकी

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना नटराज चौक से लगभग एक किलोमीटर आगे सात मोड़ के पास हुई, जहां विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने आईजी के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेंद्र नगर में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में शामिल होने के लिए आईजी अनंत शंकर ताकवाले नरेंद्र नगर पहुंचे थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब वह देहरादून लौट रहे थे, तभी शाम करीब साढ़े चार बजे सात मोड़ के समीप देहरादून की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर उनकी सरकारी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक ने मानी गलती, झपकी आने की कही बात
हादसे के बाद विपरीत दिशा से आ रही कार के चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि वाहन चलाते समय उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी। इसी कारण वह कार से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे आईजी के वाहन से टकरा गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। शुरुआती पलों में मौके पर भीड़ और हलचल का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।

इस संबंध में नीरज सेमवाल ने बताया कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई है। पुलिस ने आईजी की क्षतिग्रस्त सरकारी कार को रानीपोखरी थाने भिजवा दिया है, जबकि दूसरी कार को कोतवाली ऋषिकेश में खड़ा कराया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Previous articleहनुमान चालीसा पाठ को लेकर जौलीग्रांट के थाना क्षेत्र में बवाल, तनावपूर्ण माहौल; पुलिस ने थानो चौक पर लगाई बैरिकेडिंग