धामी कैबिनेट विस्तार: राम सिंह कैड़ा ने ली मंत्रिपद की शपथ, छात्रसंघ अध्यक्ष से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
उत्तराखंड की धामी सरकार में लंबे समय से चर्चा में चल रहा कैबिनेट विस्तार आखिरकार शुक्रवार को पूरा हो गया। देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भीमताल से दो बार के विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने उन्हें मंत्रिपद की शपथ दिलाई।
राम सिंह कैड़ा का राजनीतिक सफर कॉलेज की राजनीति से शुरू होकर राज्य की सत्ता के शीर्ष तक पहुंचा है। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ अध्यक्ष रहे कैड़ा ने छात्र राजनीति के माध्यम से अपनी पहचान बनाई और धीरे-धीरे क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय होते गए।
छात्र राजनीति से मुख्यधारा की राजनीति तक
राम सिंह कैड़ा शुरुआत में कांग्रेस से जुड़े रहे। छात्र राजनीति के बाद उन्होंने स्थानीय स्तर पर सक्रियता बढ़ाई और क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा, उनकी पत्नी भी ब्लॉक प्रमुख के पद पर रह चुकी हैं।
निर्दलीय जीत से बढ़ी पहचान
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद राम सिंह कैड़ा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। उन्होंने भीमताल सीट से जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया और पहली बार विधायक बने। निर्दलीय विधायक रहते हुए वे भाजपा के करीब रहे और विधानसभा में सरकार का समर्थन करते रहे।
भाजपा के टिकट पर दूसरी जीत
2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भीमताल सीट से टिकट दिया। इस चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। उनकी सक्रियता और क्षेत्र में पकड़ को देखते हुए उन्हें धामी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ
धामी मंत्रिमंडल के विस्तार में कुल पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले राजपुर के विधायक खजान दास ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण की।
इसके बाद वरिष्ठ नेता मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। प्रदेश में काफी समय से कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर शुक्रवार को विराम लग गया।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राम सिंह कैड़ा के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे भीमताल क्षेत्र के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।



