नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पालम हवाई अड्डे पर पहुंचकर स्वयं उनका स्वागत किया। यह पुतिन की 2021 के बाद पहली भारत यात्रा है, और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनका यह पहला दौरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पालम एयरपोर्ट पर पुतिन के स्वागत में पारंपरिक संगीत व नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर वरिष्ठ भारतीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
तीन महीने में दूसरी बार एक ही कार में साथ बैठे मोदी और पुतिन
स्वागत कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही टोयोटा कार में साथ रवाना होते दिखाई दिए। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब दोनों नेता ने एक ही वाहन साझा किया है।
इससे पहले सितंबर में तियानजिन में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान भी दोनों नेता एक ही कार में बैठकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। उस समय दुनिया भर में इसे दोनों नेताओं की मजबूत व्यक्तिगत केमिस्ट्री का संकेत माना गया था। इस बार दिल्ली में फिर वही गर्मजोशी दिखी।
क्रेमलिन ने मोदी के स्वागत की प्रशंसा की
पुतिन के स्वागत को लेकर क्रेमलिन ने कहा कि पीएम मोदी का विमान के पास पहुंचकर पुतिन का अभिवादन करना “अप्रत्याशित” था और इसकी जानकारी रूसी अधिकारियों को भी पहले नहीं थी। कूटनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम भारत–रूस के घनिष्ठ संबंधों का संकेत है।
PM आवास पर होगी अनौपचारिक मुलाकात और डिनर
नई दिल्ली पहुंचने के बाद राष्ट्रपति पुतिन का कार्यक्रम प्रधानमंत्री के साथ सात लोक कल्याण मार्ग पर अनौपचारिक बैठक से शुरू हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज आयोजित कर रहे हैं।
पुतिन का विस्तृत शेड्यूल
📌 4 दिसंबर – आगमन और अनौपचारिक वार्ता
-
शाम को नई दिल्ली आगमन
-
पीएम मोदी द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत
-
सात लोक कल्याण मार्ग पर अनौपचारिक चर्चा
-
निजी रात्रिभोज में शामिल होना
📌 5 दिसंबर – औपचारिक कार्यक्रम और प्रमुख बैठकें
-
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत
-
राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
-
हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल-स्तरीय वार्ता
-
कुछ प्रमुख उद्योगपतियों की संभावित भागीदारी
-
भारत–रूस बिजनेस फोरम में शामिल होना
-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भोज
-
इसके बाद पुतिन का मॉस्को लौटना



