कोटद्वार। कोटद्वार में बेलगाम वाहन चालकों से जब पुलिस ही सुरक्षित नही तो आम जनता क्या होगी। बीती रात एक अज्ञात वाहन ने चीता पुलिस के दो सिपाहियों को टक्कर मार दी। जिससे चीता पुलिस के दो सिपाही घायल हो गये। दोनों को उपचार के लिए यहां राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सैंटर रैफर कर दिया। जबकि दूसरे का चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदर्मा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात कोतवाली में तैनात चीता पुलिस के सिपाही 30 वर्षीय प्रकाश, 31 वर्षीय रमेश मैठाणी भाबर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। रात को लगभग साढ़े 11 बजे सुखरौ पुल पर वह गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बाजार से भाबर की ओर जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गये। वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी उप निरीक्षक रवींद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे व दोनों पुलिस कर्मियों को कोटद्वार के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में ले आये। जहां चिकित्सकों ने रमेश की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सैंटर रैफर कर दिया। जबकि प्रकाश का चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह जिम्मीवाल ने बताया कि रात्रि अधिकारी रवींद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।