पौड़ी। महिलाओं से जुड़े अपराधों के चलते पिछले काफी समय से पौड़ी जिले में महिला पुलिस की कम संख्या को लेकर इसे बढ़ाने की मांग चल रही थी जो अब पूरी हो गयी है। जनपद के पुलिस महकमे को 60 नई महिला कांस्टेबल मिली हैं। जिन्हें एक सप्ताह पुलिस लाइन में कानून से जुड़ी व्यवहारिक जानकारियां दी जाएगी। इसके बाद जनपद के विभिन्न थानों में उन्हें तैनाती प्रदान की जाएगी। नवनियुक्त कांस्टेबलों को एसएसपी पौड़ी ने पुलिस सेवा में रहते हुए नए भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।
गुरुवार को पुलिस लाइन में एसएसपी जगत राम जोशी नवनियुक्त महिला कांस्टेबलों से मुखातिब हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा संभावनाओं, चुनौतियों
व कौशल का नाम है। महिला शक्ति की क्षमताओं से हम सभी लोग वाकिफ हैं, लेकिन आपको अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है। उन्होंने बताया कि कांस्टेबलों को पुलिस लाइन में थानों में प्राप्त शिकायतों, प्राथमिकी दर्ज करने, दस्तावेज के रख-रखाव, तकनीक का उपयोग,
भीड़ को नियंत्रण करने, यातायात सुचारू करने सहित कानून के सभी पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। नवनियुक्त महिला कांस्टेबलों ने एसएसपी से कानून के विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किया। साथ ही व्यवहार में सामने आ रही परेशानियां भी साझा
की।