देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 149 संदिग्ध हिरासत में; 67 वाहन सीज और हजारों के चालान

देहरादून: राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बुधवार देर रात बड़े पैमाने पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चेकिंग अभियान चलाया। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया, जबकि 67 वाहनों को सीज किया गया। इसके साथ ही मौके पर ही करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कई लोगों को चेतावनी भी दी गई और कुछ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहर भर में पुलिस की कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 70 लोगों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 143 वाहन चालकों से करीब 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा 157 वाहनों के चालान किए गए और गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 67 वाहनों को सीज कर दिया गया।

पुलिस ने किरायेदार सत्यापन और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों के सत्यापन की भी जांच की। बिना सत्यापन के किरायेदार रखने और कर्मचारियों को काम पर रखने वाले मकान मालिकों व प्रतिष्ठान संचालकों पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके साथ ही पुलिस टीमों ने शहर के विभिन्न पीजी और हॉस्टलों में आकस्मिक चेकिंग अभियान भी चलाया। एसएसपी ने हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि पढ़ाई के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Previous articleदेहरादून: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में किया बंद, पुलिस जांच में जुटी
Next articleजनगणना में नियम तोड़ने पर तीन साल तक की जेल, सहयोग न करने वालों पर जुर्माना: महापंजीयक का सख्त निर्देश