देहरादून। नए साल 2026 की शुरुआत उत्तराखंड प्रशासन के लिए खुशखबरी लेकर आ रही है। एक जनवरी से राज्य को आठ नए सचिव मिलने जा रहे हैं, जबकि नौ आईपीएस अधिकारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों को भी उच्च ग्रेड प्रदान किया जाएगा।
सोमवार को मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन की अध्यक्षता में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की अलग-अलग विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई। वहीं, आईएफएस अधिकारियों की डीपीसी बैठक आज प्रस्तावित है। डीपीसी की संस्तुति के आधार पर एक जनवरी 2026 से पदोन्नतियां प्रभावी होंगी।
आठ आईएएस अधिकारी बनेंगे सचिव
डीपीसी के निर्णय के अनुसार वर्ष 2010 बैच के आठ आईएएस अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें
डॉ. अहमद इकबाल, ईवा श्रीवास्तव, सोनिका, रंजना राजगुरु, आनंदस्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडे और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। वर्तमान में ये सभी अधिकारी अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
आईएएस अधिकारी ईवा श्रीवास्तव वर्तमान में केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जिन्हें परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है।
पांच आईएएस को सेलेक्शन ग्रेड
इसके अलावा पांच आईएएस अधिकारियों मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और आनंद श्रीवास्तव को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति दी गई है। इन्हें लेवल-12 से लेवल-13 में अपग्रेड किया गया है।
नौ आईपीएस अधिकारियों को मिलेगा प्रमोशन
नए साल से नौ आईपीएस अधिकारियों को भी उच्च पदों पर पदोन्नति दी जाएगी। इनमें—
-
अभिनव कुमार को एडीजी से डीजी,
-
निवेदिता कुकरेती को डीआईजी से आईजी,
-
प्रहलाद मीणा को एसएसपी से डीआईजी,
-
बरिंदरजीत सिंह और पी. रेणुका देवी को डीआईजी से आईजी,
-
प्रीति प्रियदर्शिनी को एसएसपी से डीआईजी,
-
यशवंत चौहान को एसएसपी से डीआईजी,
-
तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को एसपी से एसएसपी पद पर पदोन्नति दी गई है।
बरिंदरजीत सिंह और पी. रेणुका देवी वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जिन्हें परफॉर्मा पदोन्नति प्रदान की गई है। वहीं, आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी को सेलेक्शन ग्रेड दिया गया है। इससे पहले निशा यादव और जितेंद्र चौहान को एसपी रैंक मिल चुकी है।
आईएफएस अधिकारियों को भी मिलेगा लाभ
आईएफएस कैडर में भी पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है। पांच आईएफएस अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड और तीन आईएफएस अधिकारियों को सीनियर ग्रेड प्रदान किया जाएगा। चार आईएफएस अधिकारियों की डीपीसी बैठक आज होने की संभावना है।
नए साल से लागू होने वाली इन पदोन्नतियों को राज्य प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



