नैनीताल। जिले के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत दोगड़ा में मंगलवार सुबह वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद कर लिया गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। इसी को देखते हुए वन विभाग ने एहतियातन पिंजरा लगाया था, जिसमें आखिरकार मंगलवार को तेंदुआ कैद हो गया।
भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि दोगड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की सक्रियता बढ़ गई है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में ज्योली और भद्ययूनी क्षेत्रों में वन्यजीव के हमलों में दो लोगों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और भी गहरा गई है।
उन्होंने कहा कि एक तेंदुए के पकड़े जाने के बावजूद क्षेत्र में अभी भी खतरा बना हुआ है, क्योंकि अन्य तेंदुओं की मौजूदगी से इनकार नहीं किया जा सकता। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने वन विभाग से इलाके में लगातार गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी कर रही है, वहीं ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाने की अपील की गई है।



