नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने, आर्थिक और मानसिक शोषण करने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, भीमताल निवासी मो. यूनुस पर आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने जाल में फंसाया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी विभिन्न गतिविधियों जैसे फोटोग्राफी, वीडियो शूट, हाइकिंग ग्रुप, म्यूजिक सेशन और बर्ड वॉचिंग के माध्यम से महिलाओं के संपर्क में आता था और अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करता था।
पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात आरोपी से एक वीडियो शूट के दौरान हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाते हुए खुद को धर्म से ऊपर बताकर विश्वास जीत लिया। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन बाद में आरोपी ने उससे बार-बार पैसों की मांग शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने युवती से कैमरा, लेंस, मैक मिनी, मॉनिटर और आईफोन सहित अन्य महंगे उपकरणों के नाम पर करीब 17 लाख रुपये खर्च कराए। जब आरोपी ने शादी की बात की, तब उसकी असली पहचान सामने आई। इसके बाद वह पीड़िता पर खान-पान और पहनावे में बदलाव करने के साथ-साथ धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए दबाव बनाने लगा।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मानसिक उत्पीड़न जारी रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी हेम पंत ने बताया कि आरोपी मो. यूनुस को गुरुवार शाम नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य महिलाओं को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाया है या नहीं।



