नैनीताल। जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र में कक्षा 10 की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब छात्रा की स्कूल ड्रेस खेत में झाड़ियों के बीच पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और छात्रा की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म निवासी सतीश उपाध्याय की बेटी ललिता गुरुवार को मोटाहल्दू चौराहे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई थी। दोपहर करीब 2:05 बजे छुट्टी के बाद वह अपनी एक सहेली के साथ घर के लिए निकली। हाईवे पार करने के बाद सहेली अपने घर चली गई, जबकि ललिता अपने कालिका मंदिर स्थित घर नहीं पहुंची।
जब देर शाम तक छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान मदरसन कंपनी के पास खेत में झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस बरामद हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी जगदीश चंद्र, सीओ अमित कुमार सैनी, कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा समेत एसओजी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड ने कपड़ों के आधार पर छात्रा की तलाश करते हुए स्कूल तक का रास्ता तय किया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी रोकना पड़ा, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, जांच के दौरान कई कैमरे खराब पाए गए हैं, जिससे जांच में दिक्कतें आ रही हैं। उपलब्ध फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने के स्थान से कुछ दूरी पहले तक नजर आई है।
कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, डायल 112 की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि छात्रा की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।



