नेहरूग्राम गोलीकांडः आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर लगाया जाम


देहरादून।  देहरादून के रायपुर थाना ़क्षेत्र रविवार रात हुए गोलीकांड को लेकर मंगलवार को सड़कों पर उतरकर लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने बुलडोजर चलाने की  मांग को लेकर  रिस्पना छह नंबर पर पुलिया पर जाम लगा दिया।
गौरतलब है कि रायपुर का नेहरूग्राम क्षेत्र रविवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा था। गिरवी रखी कार को वापस लेने गए तीन लोगों को रिहायशी इलाके में बदमाशों ने गोली मार दी थी।
इसमें एक व्यक्ति गोली लगने के बाद भागा और कुछ दूरी पर नाले में जा गिरा। रातभर पुलिस और परिजनों ने तलाश की। सात घंटे बाद सोमवार सुबह छह बजे उसका शव नाले से बरामद हुआ। इससे पहले दो घायलों को रात में ही अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था।
 सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो पेशेवर बदमाश बीच शहर से होते हुए आशारोड़ी बैरियर तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, शव मिलने के बाद स्थानीय निवासियों ने आरोपियों के घर पर पथराव भी किया था। उसके बाद से स्थानीय लोगों में लगातार आक्रोश बना हुआ है।

Previous articleसुबह की सैर पर निकले धामी ने खुद बनाई अदरक की चाय
Next articleकार शोरूम में लगी भीषण आग, तीन गाड़ियां खाक