मसूरी माल रोड पर बवाल: प्रतिबंधित समय में प्रवेश को लेकर पर्यटक-स्थानीयों में मारपीट, भगत सिंह चौक के पास हंगामा

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी की माल रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश को लेकर पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना भगत सिंह चौक के पास की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से आए पर्यटक की कार माल रोड के गेट के पास खड़ी थी, जबकि उसके पीछे स्थानीय लोगों का वाहन भी खड़ा था। स्थानीय लोगों ने पर्यटक से गाड़ी हटाने और प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहन प्रवेश न करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

विवाद ने लिया उग्र रूप
स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि गेट के पास वाहन खड़ा होने के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही थी। जब पर्यटक को गाड़ी हटाने के लिए कहा गया, तो वह इस पर सहमत नहीं हुआ, जिससे विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे भी चले, जिससे क्षेत्र में हंगामे की स्थिति बन गई।

मौके पर जुटी भीड़, यातायात प्रभावित
घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। कुछ समय के लिए माल रोड पर यातायात और पैदल आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।

पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस और नगरपालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया और उन्हें कुलड़ी चौकी ले जाया गया।

जांच जारी, कार्रवाई की तैयारी
एडिशनल सब इंस्पेक्टर बुद्धि प्रकाश ने बताया कि माल रोड गेट के पास दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने पर्यटन सीजन के दौरान माल रोड पर यातायात नियमों के पालन और प्रबंधन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous articleदेहरादून नगर निगम बजट पास: मेयर को 50 हजार भत्ता, 365 करोड़ से होंगे विकास कार्य
Next articleकाशीपुर में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट, शव नहर में फेंका