देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ जन-जन को प्रेरित करने वाला ऐसा सशक्त माध्यम है, जो नवाचार, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस एपिसोड में कई समसामयिक और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने तकनीक के जिम्मेदार और मानव-केंद्रित उपयोग पर जोर दिया। साथ ही, अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट जैसी नई साइबर धोखाधड़ी के मामलों से सावधान रहने की अपील करते हुए नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह संदेश आज के डिजिटल युग में अत्यंत प्रासंगिक है और प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को आत्मसात करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एआई, स्वास्थ्य जागरूकता, अंगदान और डिजिटल सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाकर ही हम एक सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।



