मसूरी में सजेगा क्रिकेटर कुलदीप यादव का शादी समारोह, हल्दी-मेहंदी में युजवेंद्र चहल का डांस; आज होंगे सात फेरे

मसूरी में सजेगा क्रिकेटर कुलदीप यादव का शादी समारोह, हल्दी-मेहंदी में युजवेंद्र चहल का डांस; आज होंगे सात फेरे

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर Kuldeep Yadav की शादी का जश्न शुरू हो गया है। शुक्रवार को उनकी हल्दी और मेहंदी की रस्में पूरे पारंपरिक अंदाज और धूमधाम के साथ संपन्न हुईं। समारोह में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और करीबी मेहमानों ने हिस्सा लिया। शनिवार 14 मार्च को कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे।

शादी से पहले आयोजित हल्दी और मेहंदी समारोह मसूरी के एक होटल में हुआ, जिसे दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी सजावट, ढोल-नगाड़ों की धुन और पारंपरिक संगीत के बीच समारोह का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण बना रहा।

ढोल-नगाड़ों पर जमकर नाचे दूल्हा-दुल्हन और मेहमान

मेहंदी और हल्दी की रस्मों के दौरान कुलदीप यादव और उनकी होने वाली दुल्हन वंशिका ने मेहमानों के साथ जमकर डांस किया। समारोह में भारतीय क्रिकेटर Yuzvendra Chahal भी मौजूद रहे और उन्होंने भी ढोल-नगाड़ों की धुन पर खूब ठुमके लगाए। इसके अलावा Rinku Singh और Mohit Sharma सहित कई क्रिकेट जगत से जुड़े लोग भी समारोह में शामिल हुए।

पारंपरिक परिधानों में दिखे दूल्हा-दुल्हन

मेहंदी समारोह के दौरान कुलदीप यादव हल्के गुलाबी रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका गुलाबी शेड की पारंपरिक साड़ी में बेहद आकर्षक दिखाई दीं। वहीं हल्दी की रस्म के दौरान कुलदीप ने पीले रंग का कुर्ता-पायजामा पहना, जबकि वंशिका पीली साड़ी में नजर आईं। दोनों के साथ मेहमानों ने भी पारंपरिक गीत-संगीत के बीच समारोह का आनंद लिया।

निजी रखा गया है शादी समारोह

शनिवार को कुलदीप यादव और वंशिका मसूरी में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेंगे। शादी समारोह को निजी रखा गया है और इसमें केवल परिवार के सदस्य व करीबी मेहमान ही शामिल होंगे।

जानकारी के मुताबिक शादी के बाद लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किए जाने की भी तैयारी की जा रही है, जिसमें क्रिकेट जगत और अन्य क्षेत्रों से कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

मसूरी में हो रही इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर शहर में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है और होटल से लेकर आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

Previous articleदेहरादून में कुत्ता पालने के नए नियम लागू: पंजीकरण अनिवार्य, उल्लंघन पर 20 हजार तक जुर्माना और हो सकती है जेल