देहरादून।
उत्तराखंड के कोटद्वार से जुड़े हालिया घटनाक्रम को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। मामले में मोहम्मद दीपक के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी देवभूमि की शांत फिजा को बिगाड़ने की सुनियोजित कोशिश प्रतीत होती है।
भाजपा ने कोटद्वार के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व का रवैया गैर-जिम्मेदाराना है। महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं की भूमिका भी नकारात्मक रही है और पूरे मामले को राजनीतिक रूप से तूल देने का प्रयास साफ नजर आता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े किसी भी मामले में राज्य सरकार कोई कोताही नहीं बरतेगी। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है और इस मामले में भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए चिंता जताई कि कहीं यह पूरा प्रकरण पूर्व नियोजित तो नहीं था। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी यह थी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने युवा नेता के कृत्य पर गंभीर रुख अपनाते और जांच में सहयोग की अपील करते, न कि उसे नायक के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास करते।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर सरेआम अभद्र भाषा के इस्तेमाल और मारपीट के आरोप सामने आए हैं, उसे धर्मनिरपेक्षता का प्रतीक बताना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस किसी भी कीमत पर वर्ष 2027 में सत्ता में वापसी चाहती है और इसी उद्देश्य से समाज में तनाव पैदा करने वाले मुद्दों को हवा दी जा रही है।
भट्ट ने दो टूक कहा कि उत्तराखंड की शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई करती रहेगी।



