कोटद्वार: नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे किनारे खड़ा एक पेड़ अचानक गिरने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और लोगों ने हाईवे पर गिरे पेड़ को हटाया। इसके बाद ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही शुरू हो पायी।
दरसल गुरुवार को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे जाफरा पुलिस चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खड़ा एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के गिरते ही वाहनों से हाईवे पर भारी जाम लग गया। जिसके चलते हाईवे के दोनों तरफ की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही जाफरा पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। सिपाहियों ने राहगीरों की मदद से पेड़ को हाईवे से हटाने का प्रयास किया। थोड़ी देर बार पेड़ को हाईवे से हटाया जा सका। इसके बाद हाईवे पर आवागमन शुरू हो पाया। इस दौरान हाईवे पर एक-दूसरे से आगे वाहन निकालने की होड़ सी मच गई। कार और बाइक चालक अपने-अपने वाहनों को तेजी से आगे निकालने लगे। इसी बीच एक कार ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। कार में टक्कर लगने से दोनों कार सवारों के बीच नोकझोंक हो गई। सिपाहियों ने किसी तरह दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।