राहुल गांधी से कोटद्वार के मोहम्मद दीपक की नई दिल्ली में मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है। यह मुलाकात नई दिल्ली स्थित राहुल गांधी के आवास पर हुई, जहां नेता विपक्ष ने दीपक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें गले लगाया। इस आत्मीय क्षण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि कोटद्वार निवासी मोहम्मद दीपक हाल के दिनों में पटेल मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उपजे विवाद के बाद सुर्खियों में आए थे। इस प्रकरण ने तब और तूल पकड़ा, जब राहुल गांधी ने इस विषय पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इसके बाद से ही दीपक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में मोहम्मद दीपक ने राहुल गांधी से मुलाकात की। वैभव वालिया ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने दीपक को अपने आवास पर आमंत्रित कर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी एक प्रेरक भेंट रही।
मोहम्मद दीपक अपने मानवीय कार्यों और इंसानियत की मिसाल के रूप में देशभर में पहचान बना चुके हैं। राहुल गांधी ने उनसे स्नेहपूर्ण बातचीत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और आगे भी समाज में सकारात्मक योगदान देते रहने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मुलाकात सिर्फ एक व्यक्ति के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव जैसी मूल्यों का सम्मान है। दीपक जैसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित करना यह संदेश देता है कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उन सभी लोगों के साथ खड़ी है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रहे हैं।



