कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खोह नदी से खनन कर रही पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। प्रशासन की टीम ने झूला पुल के पास औचक छापेमारी कर यह कार्रवाई की। पकड़े गए सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लगातार अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने झूला पुल स्थित खोह नदी में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही पकड़ी गईं।
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।



