कोटद्वार ‘बाबा’ विवाद: यूपी बॉर्डर पर रोका गया आजाद समाज पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का काफिला, दीपक से वीडियो कॉल पर हुई बात

कोटद्वार में नाम को लेकर उपजे धार्मिक उन्माद के बीच स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी सतर्कता बरती। इसी क्रम में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी (आसपा) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह का काफिला उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश सीमा पर रोक दिया गया। महक सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दीपक कुमार से मिलने को कोटद्वार पहुंच रहे थे।

पुलिस ने कौड़िया चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान काफिले को रोकते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया। मौके पर मौजूद एएसपी चंद्रमोहन सिंह समेत पौड़ी जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान महक सिंह ने दीपक कुमार से सामान्य बातचीत कर लौट जाने की बात कही। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने केवल प्रदेश अध्यक्ष के वाहन को ही कोटद्वार में प्रवेश की अनुमति दी, जबकि काफिले में शामिल अन्य वाहनों को सीमा पर ही रोक दिया गया।

कौड़िया चेकपोस्ट पर रोके गए लोगों में भीम आर्मी के जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रधान साबुद्दीन, उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत रानीपुर नंगला के ग्राम प्रधान व आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुखवीर हल्दिया, आसपा युवा मोर्चा के जिला प्रभारी शादमान शेख तथा नजीबाबाद निवासी पार्टी कार्यकर्ता अयाज अंसारी शामिल रहे।

इधर, महक सिंह के कोटद्वार पहुंचने की सूचना मिलते ही शहर से बड़ी संख्या में युवक सीधे दीपक कुमार के जिम पर पहुंच गए। इस दौरान महक सिंह ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर इंसानियत का फर्ज निभाने की अपील की। वहीं, दीपक कुमार से उनकी मुलाकात के दौरान वीडियो कॉल के माध्यम से आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के नगीना संसदीय क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद से भी सीधी बातचीत कराई गई। सांसद ने बताया कि वे बृहस्पतिवार को दीपक से मिलने आने वाले थे, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच सके।

पुलिस ने बढ़ाया पहरा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पौड़ी पुलिस प्रशासन ने उत्तर प्रदेश से जुड़ी सीमाओं पर चौकसी और सख्त कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह या शरारती गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील भी की है।

Previous articleChamoli News: ग्रीन और मसाला टी के बाद बाजार में उतरी कंडाली टी, खून की कमी दूर करने समेत कई औषधीय गुणों से भरपूर