खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा क्षेत्र के चकरपुर स्थित प्रसिद्ध वनखंडी महादेव मंदिर में 12 दिवसीय महाशिवरात्रि मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर उत्तराखंड प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर के समग्र विकास के लिए एक सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि यहां आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
महाशिवरात्रि मेले के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, रंदीप पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, गोपाल सिंह बिष्ट, मनोहर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
महाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में भगवान शिव के दर्शन कर सकें।



