होली 2026: सावधानी से खेलें रंगों का त्योहार, रसायन युक्त रंग बढ़ा सकते हैं एलर्जी और संक्रमण का खतरा
देहरादून। होली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार रंगों से सज गए हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को रसायन युक्त रंगों के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि केमिकल मिले रंग आंखों और त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं और एलर्जी व संक्रमण की समस्या बढ़ा सकते हैं।
नेत्र एवं त्वचा रोग विशेषज्ञों के अनुसार, होली के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले कृत्रिम रंगों के कारण हर साल बड़ी संख्या में लोग आंखों और त्वचा संबंधी समस्याओं के साथ अस्पताल पहुंचते हैं। इसलिए सुरक्षित तरीके से होली खेलने की आवश्यकता है।
आंखों को सबसे अधिक नुकसान का खतरा
दून अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज सारस्वत ने बताया कि रसायन युक्त रंग आंखों में जाने से एलर्जिक रिएक्शन की संभावना बढ़ जाती है। इसका सीधा असर आंखों के कॉर्निया और कंजेक्टिवाइटा पर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि यदि रंग आंखों के अंदर चला जाए और व्यक्ति आंखों को मसल ले, तो आंखों में घाव बनने की आशंका रहती है। आंखों में जलन, लालिमा, खुजली और पानी आना इसके शुरुआती लक्षण हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत आंखों को साफ पानी से धोना चाहिए और समस्या गंभीर होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
त्वचा पर भी हो सकता है एलर्जिक संक्रमण
विशेषज्ञों ने बताया कि केमिकल वाले रंग त्वचा पर लगने से एलर्जिक कॉन्टैक्ट डर्माटाइटिस (ACD) हो सकता है। इससे त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली, जलन और त्वचा के छिलने जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। बच्चों और संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आंखों की सुरक्षा के लिए अपनाएं ये उपाय
-
हर्बल या प्राकृतिक रंगों से ही होली खेलें
-
आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें
-
आंखों में रंग जाने पर तुरंत साफ पानी से धोएं
-
आंखों को रगड़ने से बचें
त्वचा की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
-
होली खेलते समय शरीर को अधिक से अधिक ढककर रखें
-
त्वचा पर पहले से मॉइस्चराइजर या तेल लगाएं
-
बच्चों को पक्के और रसायन युक्त रंगों से दूर रखें
डॉक्टरों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर होली के त्योहार को सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है। प्राकृतिक रंगों का उपयोग स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बेहतर विकल्प माना जाता है।



