हरिद्वार में पत्नी ने नाबालिग बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या, शराब में नींद की गोली मिलाकर तकिये से दबाया मुंह

हरिद्वार: जनपद के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र में एक ग्रामीण की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शराब में नींद की दवा मिलाकर पति को बेहोश किया और फिर तकिये से उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग बेटी को न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर निवासी बबलू दो अप्रैल को अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया था। उस समय उसकी पत्नी पूजा अपनी नाबालिग बेटी के साथ थाने पहुंची थी और पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई।

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और गहराई से जांच शुरू कर दी। इस दौरान मृतक के भाई राजू ने पूजा, उसकी नाबालिग बेटी और बिजनौर के कोहरपुर मंडावर निवासी मोंटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

बेटे के बयान से खुला राज

पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की तो मृतक के बेटे ने अहम जानकारी दी। उसने बताया कि उसकी मां पूजा और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसकी बेटी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, शराब पीने के लिए इस्तेमाल किया गया स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया बरामद कर लिया है।

अवैध संबंध के कारण रची हत्या की साजिश

पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बिजनौर निवासी मोंटी के साथ प्रेम संबंध था। वहीं उसकी नाबालिग बेटी का भी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी होने पर बबलू अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

महिला ने बताया कि एक अप्रैल की रात उसने पति को शराब में नींद की गोली मिलाकर पिला दी। जब वह गहरी नींद में सो गया तो दोनों ने दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया और कमरे को बंद कर दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

अगली सुबह महिला ने कहानी गढ़ते हुए बताया कि रात में पति झगड़ा करने के बाद घर से चला गया था और बाद में वापस आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

प्रेमी की भूमिका की भी जांच

एसपी सिटी अभय सिंह ने मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग बेटी को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस मामले में महिला के प्रेमी मोंटी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Previous articleदेहरादून में डीएम के खिलाफ वकीलों का मोर्चा, ट्रांसफर तक राजस्व न्यायालयों के बहिष्कार का ऐलान