हरिद्वार में भीषण गर्मी का असर: स्कूलों का समय बदला, डीएम ने जारी किए नए निर्देश

जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर आदेश जारी किए हैं। यह नया समय 27 अप्रैल से लागू होकर 26 मई तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में समय परिवर्तन का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है।

प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि मौसम में और अधिक गर्मी बढ़ती है, तो आगे भी आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं।

Previous articleजनजाति भूमि विवाद में बड़ा एक्शन: रजिस्ट्रार कानूनगो हटे, विधायक पुत्र अतुल पांडेय को नोटिस
Next articleहरिद्वार: हैंडपंप के लिए कुआं खोदते समय बड़ा हादसा, मलबे में दबा बुजुर्ग; राहत-बचाव जारी