हरिद्वार में ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’: सीएम धामी ने सुनीं समस्याएं, मौके पर समाधान के निर्देश

हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ कार्यक्रम में पहुंचकर आम जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र के आर्यनगर में आयोजित इस जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचे।

पांच लाख से अधिक लोग हो चुके लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेशभर में लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक पांच लाख से अधिक लोग इन शिविरों से लाभान्वित हो चुके हैं। बड़ी संख्या में शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया गया है, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और तत्परता से लिया जाए तथा तय समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

चारधाम यात्रा और कुंभ की तैयारियों पर जोर

सीएम धामी ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और विकासशील राज्य के रूप में आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Previous articleUttarakhand: बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का लोकभवन घेराव, एक मंच पर दिखे दिग्गज नेता, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Next articleउत्तराखंड में ऊर्जा निगमों में एस्मा लागू, हड़ताल पर पूरी तरह प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई