हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेला की तैयारियां अब तेज़ रफ्तार पकड़ने जा रही हैं। केंद्र सरकार ने कुंभ मेला 2027 के लिए उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। यह कुंभ मेला जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होगा। राज्य सरकार ने इस महापर्व को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं।
केंद्र से मिली इस धनराशि से कुंभ मेला क्षेत्र में अवस्थापना विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण, सड़क एवं यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार द्वारा दी गई यह सहायता कुंभ मेला 2027 को दिव्य और भव्य स्वरूप देने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है और राज्य के विकास में केंद्र सरकार ने हमेशा सहयोग दिया है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित अनेक विकास कार्यों में केंद्र का समर्थन राज्य के लिए संबल बना है। कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार का यह सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 के आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



