हरिद्वार में फैक्टरी कर्मी की निर्मम हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट; खेत में मिला शव

हरिद्वार। जिले के कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अत्मलपुर बोंगला बाईपास के पास एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान राजवीर (45) पुत्र अमर सिंह, निवासी धामपुर (जिला बिजनौर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजवीर सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्टरी में कार्यरत था।

स्थानीय लोगों ने सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार करने के गहरे निशान हैं। घटनास्थल के पास ही एक हथौड़ी और खाली शराब की बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या में हथौड़ी का इस्तेमाल किया गया है।

प्राथमिक जांच के आधार पर यह भी माना जा रहा है कि वारदात में मृतक के परिचित लोगों का हाथ हो सकता है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी और मृतक के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उसकी आखिरी बातचीत किससे हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Previous articleउत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज: महिला आरक्षण पर घमासान तय, पक्ष-विपक्ष आमने-सामने
Next articleDehradun Night Strike: प्रेमनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रिजॉर्ट में अवैध शराब परोसने पर संचालक गिरफ्तार, 13 लोगों का चालान