हरिद्वार: आपदा प्रभावितों को जल्द मिलेगा मुआवजा, पंचायतों को सशक्त बनाकर गांवों के समग्र विकास पर जोर — मंत्री मदन कौशिक

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा है कि राज्य आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और पूर्व में आई विभिन्न आपदाओं से प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय बैठक जल्द बुलाई जाएगी, जिसमें पीड़ितों को राहत राशि दिलाने के लिए सार्थक निर्णय लिए जाएंगे।

‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में मंत्री मदन कौशिक ने आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं पुनर्गठन मंत्रालय की जिम्मेदारियों के साथ अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि अब तक शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है, लेकिन अब सरकार का लक्ष्य गांवों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करना है।

मंत्री कौशिक ने कहा कि शहरों में बुनियादी ढांचा अपेक्षाकृत बेहतर होता है, लेकिन गांवों में योजनाबद्ध और व्यवस्थित विकास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाकर वहां समग्र विकास की दिशा में काम किया जाएगा।

आपदा पीड़ितों को मिलेगा न्याय

राज्य के कई क्षेत्रों, विशेषकर थराली और धराली समेत अन्य आपदा प्रभावित इलाकों में पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि विभागीय बैठक में इस मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किन कारणों से प्रभावित लोगों को राहत राशि नहीं मिल सकी और जल्द ही इसका समाधान निकालते हुए पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा।

पंचायतों को किया जाएगा मजबूत

प्रदेश में पंचायतों को अधिक अधिकार देने के सवाल पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार इस दिशा में प्रयासरत हैं कि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार मिलें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को स्वतंत्र रूप से विकास कार्य करने की शक्ति दी गई है और अब प्रयास रहेगा कि पंचायतें अपने संसाधनों को स्वयं विकसित करें और स्थानीय स्तर पर विकास को गति दें।

उत्तराखंड को बनाया जाएगा आयुष हब

आयुष शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों के मामले में बेहद समृद्ध राज्य है। अन्य राज्यों में आयुष से जुड़े उत्पादों के लिए कच्चे माल की कमी रहती है, लेकिन उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए केरल जाते हैं, उसी तरह उत्तराखंड को भी आयुष और प्राकृतिक चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने आयुर्वेद विश्वविद्यालय के शिक्षकों को करीब एक वर्ष से वेतन न मिलने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मामले में भी जल्द ठोस निर्णय लिया जाएगा और सभी पहलुओं को समझने के बाद सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा।

2027 का कुंभ होगा दिव्य और भव्य

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला कुंभ मेला अत्यंत दिव्य और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की कमान स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं, इसलिए इसकी तैयारियां विशेष रूप से की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कुंभ से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाएं हरिद्वार जिले को नई पहचान देने जा रही हैं और जल्द ही पूरा देश इन परियोजनाओं का परिणाम देखेगा।

मेहनती कार्यकर्ता ही दिलाएंगे जीत

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार दोनों में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की ही पहचान होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के बल पर भाजपा जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में विजय हासिल करेगी।

मंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं और दायित्वधारियों की जवाबदेही तय होगी। भले ही सभी के विचार और सुझाव अलग-अलग हों, लेकिन लक्ष्य एक ही होगा—संगठन और सरकार के बेहतर परिणाम।

Previous articleउत्तरकाशी में भागीरथी नदी को किया गया डायवर्ट, लोहारीनागपाला परियोजना की इनटेक पोल मलबे से भरकर बंद
Next articleदेहरादून में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत; तीन युवक हिरासत में