देहरादून: राजधानी देहरादून में आज गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही भगवान श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा और बाइक रैली निकाली जाएगी। शोभायात्रा को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था और आकर्षक झांकियों का केंद्र होगी। विशेष बात यह है कि इस वर्ष पहली बार शोभायात्रा मार्ग पर दो ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन और भी आकर्षक बनेगा।
शोभायात्रा में मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए कलाकार विभिन्न धार्मिक झांकियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इन झांकियों में भगवान राम, हनुमान और अन्य धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसी क्रम में लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज से बाइक रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु भाग लेंगे। वहीं जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर तथा गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
शोभायात्रा में ये आकर्षण रहेंगे विशेष
हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा में कई विशेष झांकियां और कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इनमें—
- श्रीराम मंदिर और बालाजी धाम की ज्योत के दर्शन
- पहली बार दो ड्रोन से पुष्पवर्षा
- कोटद्वार के सिद्धबली हनुमान जी की झांकी
- हवा में उड़ते हनुमान जी की आकर्षक झांकी
- हजारों फूलों से सजे बालाजी महाराज
- शिव बारात में अघोरियों के हैरतअंगेज प्रदर्शन
- बाहुबली हनुमान जी के दर्शन
चैत्र पूर्णिमा को मनाया जाता है हनुमान जन्मोत्सव
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार हनुमान जन्मोत्सव हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इस दिन घर या मंदिर में भगवान हनुमान की प्रतिमा या चित्र स्थापित कर विधिवत पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और तुलसी अर्पित करने की विशेष परंपरा है।
पूर्व संध्या पर हुआ सुंदरकांड पाठ
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर में शाम के समय श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति के अनुसार आज हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत महायज्ञ से होगी, जिसके बाद पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
शहर में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए कई मार्गों पर अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। श्रद्धालुओं से प्रशासन ने यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।



