जिसे भाई बोला उसी ने कर दिया दस साल की मासूम के साथ दुष्कर्म

गाजियाबाद- किराए पर रहने वाले एक शख्स ने अपने मकान मालिक की 10 साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। जो आरोपी को भैया कहकर बुलाती थी। आरोपी वाणिज्यकर विभाग का कर्मचारी है जबकि पीढित बच्ची साहिबाबाद थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में रहती है। आरोपी ने बच्ची को इस बारे में किसी को न बताते हुए चाकू से गोदकर जान से मारने की धमकी भी दी थी। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

उन्होंने आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी कर्मचारी उनके मकान में किराएदार था, जो अब फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश कर रही है।

बच्ची के पेट में दर्द होने पर मां को हुई जानकारी

साहिबाबाद थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक विधवा अपनी 10 साल की बेटी के साथ रहती हैं। उनकी बेटी कक्षा- चार की छात्र है। वह निजी कंपनी में काम करती हैं।

उन्होंने बताया कि दो – तीन दिन से उनकी बेटी के पेट में काफी दर्द हो रहा था। दर्द से वह रो रही थी। रविवार को छुट्टी होने पर उन्होंने बेटी को एक महिला चिकित्सक को दिखाया। जांच में उसके साथ दुष्कर्म की बात सामने आई।

मां- बेटी को जान से मारने की दी धमकी

दुष्कर्म की बात सामने आने पर मां द्वारा प्यार से पूछने पर बच्ची ने रोते हुए खुद के साथ हुई दरिंदगी को बताया। उसने बताया कि मकान में किराएदार के रूप में अमीनाबाद लखनऊ के रहने वाले अमित ने बृहस्पतिवार (18 मई) रात करीब नौ बजे उसे बहाने से अपने कमरे में बुलाया।

उस वक्त उसकी मां व छोटा भाई बाजार गए थे। अमित ने उसका मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद किसी को बताने पर चाकू से गोदकर उसे व उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी।

वह घटना से काफी डर गई। मां की जान बचाने के कारण उसने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया और रो-रोकर अपने दर्द को सहन करती रही। उसकी सिसकारी सुनकर मां को उसके दर्द की जानकारी हुई।

पीड़ित बच्ची की मां ने अमित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बच्ची के मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।

अब तक फरार है आरोपी अमित

एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि अमित पीड़ित बच्ची के यहां किराएदार के रूप में रहता था। पिता की मौत होने पर करीब एक माह पहले उसे मृतक आश्रित कोटे में वाणिज्यकर विभाग में सेवक पद पर नौकरी मिली थी।

घटना के दिन से अमित फरार है। उसकी मां व भाई भी नहीं मिल रहे हैं। उसकी आखिरी लोकेशन लखनऊ मिली है। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लखनऊ गई हुई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

बच्ची अमित को भैया बुलाती थी

आरोपी अमित और पीड़ित बच्ची का परिवार काफी घुलामिला था। पीड़ित बच्ची अमित व उसके छोटे भाई को भैया और उसकी मां को आंटी बुलाती थी।

परिवार के सदस्य में पारिवारिक संबंध होने पर बच्ची उनके कमरे में आती-जाती थी। मां के बाहर होने पर अमित व उसके छोटे भाई से पढ़ाई में मदद भी लेती थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि किसी ने सोचा नहीं था कि भैया कहने वाली मासूम बच्ची के साथ अमित ऐसी घिनौनी हरकत करेगा।

Previous articleगोपेश्वर में शराबी चालक ने गर्भवती महिला सहित चार को किया घायल
Next articleमस्सों का रामबाण इलाज है प्याज, जानिए कैसे